अहमदाबाद का एक ऐसा वार्ड जो 5 विधायक, 4 सांसद और 4 पार्षदों को चुनता है, फिर भी परेशान

अहमदाबाद | अहमदाबाद का एक ऐसा वार्ड है जहां के लोग 5 विधायक, 4 सांसद और 4 नगर पार्षदों को चुनते हैं| इसके बावजूद इस वार्ड के लोग परेशान हैं| अहमदाबाद का यह वार्ड है लांभा, जिसका क्षेत्र 44 किलोमीटर में फैला है| नगर पालिका वार्ड लांभा का सीमांकन ऐसा है कि यहां के लोग विभिन्न विधानसभा और लोकसभा में बंटे हुए हैं| इस वार्ड के पास भले ही विधायकों, सांसदों और पार्षदों की फौज है, लेकिन स्थानीय लोगों की समस्याओं का निपटारा करने वाला कोई नहीं है| क्षेत्र में सड़क, गटर और पानी समेत अन्य समस्याओं का समाधान नहीं होता| स्थानीय लोग अपने समस्याओं को लेकर शिकाय करते हैं, सांसद, विधायक और पार्षद एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़कर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं| वेजलपुर, दस्क्रोई, दाणीलीमडा, वटवा और मणिनगर विधानसभा के कुछ निर्वाचन क्षेत्र लांभा वार्ड में आते हैं| इसके अलावा खेडा, गांधीनगर, अहमदाबाद पश्चिम और अहमदाबाद पूर्व लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र भी लांभा के तहत है| अहमदाबाद के एक पार्षद के मुताबिक लांभा वार्ड कई विधानसभा और लोकसभा में बंटा हुआ है और यहां के लोग कई समस्याओं से जूझ रहे हैं| लांभा वार्ड के लोगों को यह पता नहीं है कि वह अपनी समस्याओं की शिकायत सांसद से करें या विधायक से? यहां के लोग सरकारी योजनाओं समेत सांसद व विधायकों की ग्रांट से भी वंचित रहते हैं| लांभा के लोगों का कहना है कि वर्ष 2007 में इसे अहमदाबाद महानगर पालिका में शामिल किया गया था| उस वक्त लांभा वार्ड 58 वर्ग किलोमीटर का था| लेकिन इस साल विधानसभा चुनाव से पहले हुए सीमांकन में लांभा वार्ड के क्षेत्र घटाकर 44 वर्ग किलोमीटर कर दिया गया है| लांभा वार्ड सड़क, गटर और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *