गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट दिया तो भाजपा जीतेगी : अरविंद केजरीवाल

राजकोट | गुजरात विधानसभा के आगामी चुनाव को लेकर भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) समेत राजनीतिक दलों ने प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है| हांलाकि अभी चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है परंतु मतदाताओं को रिझाने में कोई पीछे नहीं रहना चाहता| दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के चीफ अरविंद केजरीवाल इसमें कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते| शुरू से आक्रामक प्रचार में जुटे केजरीवाल मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपए और बेरोजगार युवकों को 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने समेत कई वादे अब तक कर चुके हैं| आज राजकोट में केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया| केजरीवाल ने कहा कि गुजरात विधानसभा के आगामी चुनाव में कांग्रेस को वोट दिया तो भाजपा जीतेगी| पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ केजरीवाल शनिवार से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं| राजकोट के नील सिटी रिसोर्ट में पत्रकार परिषद में केजरीवाल ने आज एक और गारंटी दी| उन्होंने कहा कि गुजरात में आप की सरकार बनी तो प्रति दिन के हिसाब से प्रति गाय रु. 40 पशुपालकों को देंगे| उन्होंने कहा कि गुजरात में गायों के साथ दुर्व्यवहार की कई लोगों ने शिकायत की है| आप की सरकार प्रत्येक जिले में पशुशाला और गाय सड़कों पर ना आएं इसकी व्यवस्था करेगी| केजरीवाल ने कहा कि आईबी की एक रिपोर्ट में आई है, जिसमें गुजरात चुनाव में आम आदमी पार्टी सरकार बन रही है| जब से आईबी की रिपोर्ट सामने आई है, तब भाजपा बुरी तरह बौखला गई है| भाजपा और कांग्रेस इसी आईबी की रिपोर्ट के चलते मुझे गालियां दे रहे हैं| इस रिपोर्ट के बाद भाजपा और कांग्रेस एक हो गई हैं और बंद कमरों में दोनों के बीच बैठकें हो रही हैं| उन्होंने कहा कि भाजपा का पूरा प्रयास है कि कांग्रेस को मजबूत किया जाए, ताकि भाजपा विरोधी वोट बंट जाएं| कांग्रेस को जिम्मेदारी सौंपी गई है को आप के जितने वोट चाहते हो उतने वोट हांसिल कर लो| इसलिए गुजरात के लोग सतर्क हो जाएं| अगर गुजरात के लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया तो भाजपा जीत जाएगी| उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव में कांग्रेस 10 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी और 10 सीटों पर जीतने वाले विधायक भी बाद में भाजपा जॉइन कर लेंगे|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *