योग दिवस से पहले बाबा रामदेव ने अहमदाबाद में कराया योग, राज्यपाल और मुख्यमंत्री हुए शामिल

अहमदाबाद | 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है, जो भारत समेत दुनियाभर में मनाया जाएगा| गुजरात में राज्यस्तरीय योग दिवस का अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजन किया गया है| योग दिवस से पहले आज पूर्वी अहमदाबाद के निकोल क्षेत्र में बाबा रामदेव ने योग कराया| इस योग शिबिर में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी शामिल हुए| शहर के निकोल क्षेत्र में आयोजित शिबिर में रामदेव ने लोगों को योग सिखाया| इस मौके पर रामदेव ने कहा कि कभी मंदिर, मस्जिद और अग्निपथ को लेकर देश में बवाल मचा हुआ है| संविधान में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन बगैर किसी हिंसा के| देश की संपत्ति को कोई नुकसान ना पहुंचे इसका सभी को ध्यान रखना चाहिए और इसके लिए संयम जरूरी है| संयम और धैर्य योग से आएगा| लोगों के संयमित और धैर्यवान होने से भाईचारा भी बढ़ेगा| उन्होंने कहा कि योग करने से लोगों में चेतना आएगी| पतंजली की ओर से योग दिवस पर 3 लाख से ज्यादा गांवों में योग का आयोजन किया जाएगा| 100 वर्ष तक सभी को अपनी आयु 25 साल की रखना है| गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि 10-12 साल पहले योग का ब्युगल बजा था, जिसे बाबा रामदेव ने आज फिर ताजा किया है| अगर हम स्वस्थ होंगे तभी सांसारिक, व्यापारिक और औद्योगिक इत्यादि में काम कर सकेंगे| हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं कि उन्होंने योग को दुनियाभर में पहुंचाने काम किया है| नतीजतन 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाने का दुनिया के 177 देश सहमत हुए| 21 जून को बड़ी संख्या में योग कर हम दुनिया को संदेश देंगे| गौरतलब है 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है और उससे पहले गुजरात योग बोर्ड, पतंजली योग समिति ने पूर्वी अहमदाबाद के निकोल क्षेत्र के वीरांजलि मैदान में योग शिबिर का आयोजन किया था| जिसमें गुजरात के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, अहमदाबाद के महापौर और स्थायी समिति के चेयरमैन समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *