केक कॉन्ट्रोवर्सी पर दिग्विजयसिंह ने कहा- शिवराजसिंह चौहान सबसे बड़े बगुला भगत

वडोदरा (ईएमएस)| गुजरात चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों की फौज आक्रामक प्रचार कर रही है| शुक्रवार को वडोदरा पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह भाजपा पर कड़े प्रहार किए| खासकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह को उन्होंने सबसे बड़ा बगुला भगत बताया| दरअसल दो दिन पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जन्म दिन के उपलक्ष्य में मंदिर के आकार में बना केक काटा था| जिसे लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कमल का बगुला भगत कहा था| उस घटना को लेकर दिग्विजयसिंह ने आज वडोदरा में शिवराजसिंह पर हमला बोला| उन्होंने कहा कि सबसे बड़े बगुला भगत तो शिवराजसिंह चौहान हैं| साथ ही सवाल किया कि भाजपा के नेता उस वक्त क्यों खामोश थे जब उमा भारती ने मंदिर में अंडों से बनी केक पेश की थी| गुजरात चुनाव पर बात करते हुए दिग्विजयसिंह ने कहा कि राज्य में 27 वर्ष से भाजपा की सरकार है| अगर 2022 के चुनाव का विश्लेषण करें तो एक ओर भाजपा और उसके गुप्त समर्थक आप व एआईएमआईएम हैं तो दूसरी ओर कांग्रेस है| भाजपा का विकल्प कांग्रेस ही है| 1970 से 1995 तक गुजरात में जो विकास हुआ है वह सभी ने देखा है| उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अहंकार में चूर हैं| मोदी कहते हैं ‘मैंने गुजरात बनाया है’| जैसे मोदी के जन्म से पहले गुजरात था ही नहीं| गुजरात की अस्मिता भी नहीं थी| यही मोदी का अहंकार है| जैसे रावण का अहंकार नहीं रहा वैसे ही मोदी का अहंकार नहीं रहेगा| कांग्रेस नेता ने कहा कि वह आप को भाजपा की बी टीम इसलिए बताते हैं क्योंकि किसान विधेयक को छोड़ अन्य सभी कानूनों को उसने समर्थन किया है| अरविंद केजरीवाल ने इंडियन भ्रष्टाचार मुक्त भारत का मुद्दा उठाया| यूपीए सरकार ने लोकपाल का कानून बनाया ता| लेकिन क्या केजरीवाल ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत का वादा किया था| क्या केजरीवाल एक भी मामले में लोकपाल के पास गए हैं? आज केजरीवाल की सरकार के मंत्री ही मनी लोन्डरिंग के मामले में सलाखों के पीछे हैं| लीकर पॉलिसी को लेकर जांच की जा रही है| इसलिए मैं आप को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बी टीम कहता हूं| वहीं एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी केवल धार्मिक उन्माद फैलाकर चुनाव जीतना चाहते हैं| दिग्विजयसिंह ने कहा कि कभी नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के सबसे करीबी माने जाते पूर्व आईपीएस डीजी बंजारा अलग राजनीतिक दल बनाकर चुनाव मैदान में है| डीजी बंजारा से भी कई वादे किए गए थे, लेकिन वादे पूरे नहीं होने पर उन्होंने राजनीतिक दल का गठन किया और अपने पहले बयान में कहा कि 27 वर्ष में गुजरात में कोई विकास नहीं हुआ| दिग्विजयसिंह ने वडोदरा के मध्य से बहनेवाली विश्वामित्री को लेकर भी बड़ी बात कही| उन्होंने कहा कि आज विश्वामित्री नदी नाला बनकर रह गई है और जमीनें बिल्डरों को दी जा रही हैं| स्मार्ट सिटी में गरीब मुहल्लों पर कहीं कोई खर्च नहीं किया गया|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *