Warning: sprintf(): Too few arguments in /home/suratbhu/public_html/wp-content/themes/newsmatic/inc/breadcrumb-trail/breadcrumbs.php on line 252

Warning: sprintf(): Too few arguments in /home/suratbhu/public_html/wp-content/themes/newsmatic/inc/breadcrumb-trail/breadcrumbs.php on line 252

Warning: sprintf(): Too few arguments in /home/suratbhu/public_html/wp-content/themes/newsmatic/inc/breadcrumb-trail/breadcrumbs.php on line 252

दिल्ली में सोनिया गांधी से मिले लालू-नीतीश कुमार, हरियाणा में भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चे बंदी में विपक्षी एकता की हुंकार

नई दिल्ली । साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष लामबंद होना शुरू हो गया है। रविवार देर शाम जहां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस दौरान 2024 के आम चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने की रणनीति पर चर्चा हुई। वहीं हरियाणा में भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष की मोर्चे बंदी भी देखने को मिली। हरियाणा के फतेहाबाद में इसकी एक झलक तब देखने को मिली जब इंडियन नेशनल लोकदल की महारैली में कई पार्टियों के दिग्गज जुटे। ओम प्रकाश चौटाला के निमंत्रण पर रैली में भाग लेने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, शिवसेना के अरविंद सावंत, शिरोमणि अकाली दल के सुखबीर बादल और कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी पहुंचे। तीसरे मोर्चे की झलक देते सभी नेताओं ने मंच साझा किया और केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। सभी नेताओं ने ऐलान किया की अबकी बार मोदी सरकार को उखाड़ फेंकना है।
बिहार में भाजपा से अलग होकर पहले ही एकजुट विपक्ष की कवायद शुरू करने वाले जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार ने रैली के दौरान कहा, ये रैली किसी तीसरे मोर्चे के लिए नहीं है, बल्कि देश के लिए है। साल 2024 में मोदी सरकार हारेगी। ये लोग बस हिंदू-मुसलमान कर रहे हैं। जबकि ऐसी कोई लड़ाई नहीं है। ये गलत है। देश पहले बंटा था, जब देश दो हिस्सों में बंट गया, तब क्या देश चला नहीं, जितने मुसलमान वहां (पाकिस्तान) गए उससे ज्यादा हमारे यहां रुके थे। हिंदू-मुसलमान का कोई झगड़ा नहीं है। 2024 के चुनाव में हम देश के विकास के लिए साथ काम करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने अपनी पीएम पद की दावेदारी से भी इनकार किया।
पूरे देश को एकसाथ आना होगा
नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा वाले जब गलत बातें बोलने लगे, तब हमने साथ छोडऩा बेहतर समझा। अभी 7 पार्टी साथ हैं। पूरे देश को एकसाथ आना होगा, इससे 2024 में भाजपा को एक भी सीट नसीब नहीं होगी। कांग्रेस से भी अनुरोध किया है। ज्यादा से ज्यादा पार्टिया एक हो जाएं, तो भाजपा का 2024 में चुनाव जीतना तो दूर बुरी तरह हारना तय होगा।
देवीलाल हमें साथ लेकर आए
इंडियन नेशनल लोकदल ने ये रैली पार्टी के संस्थापक देवीलाल चौटाला की 109 जयंती के मौके पर बुलाई थी। इस मौके पर इंडियन नेशनल लोकदल के नेता अभय चौटाला ने कहा कि हम सभी को देवीलाल चौटाला साथ लेकर आए हैं। नीतीश कुमार के बारे में उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति है जो बिहार से आकर सत्ता को चुनौती दे रहा है। नीतीश कुमार के चौटाला परिवार से पुराने संबंध रहे हैं। देश के गृहमंत्री अमित शाह बिहार में जाकर बयान देते हैं, लेकिन एक ऐसा मुख्यमंत्री है जो ईडी और इनकम टैक्स से डरता नहीं है।
भाजपा को हटाना है, देश को बचाना है
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में बिहार सीएम नीतीश कुमार व राजद प्रमुख ने कहा कि हमने सोनिया जी से बात की, हमारा विचार है देश में अनेक दलों को एकजुट करना और मिलकर प्रगति के लिए काम करना। उनके पार्टी अध्यक्ष का चुनाव है इसके बाद आगे की बात होगी। बैठक के बाद लालू यादव ने संवाददाताओं से बात की। उन्होंने कहा कि हमने भाजपा को बिहार से विदा कर दिया है। अब देश से उनकी विदाई की बारी है। उन्होंने कहा कि देश को बचाना है, तो भाजपा को हटाना है। उसके लिए हम सभी को एक साथ आना होगा। हमारी सोनिया गांधी से बातचीत हुई है। कांग्रेस पार्टी को नया अध्यक्ष मिलने के बाद उन्होंने हमें 10-12 दिनों के बाद फिर से मिलने के लिए कहा है। विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए सोनिया गांधी के 10 जनपथ आवास पर बैठक को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे कांग्रेस और कुछ क्षेत्रीय दलों के बीच मतभेदों को सुलझाने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है। अगस्त में बिहार में नई सरकार बनाने के लिए भाजपा से नाता तोडऩे और राजद-कांग्रेस से हाथ मिलाने के बाद से नीतीश कुमार की सोनिया गांधी से यह पहली मुलाकात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *