महेश सवाणी भाजपा में हो सकते हैं शामिल, आम आदमी पार्टी को कहा अलविदा

अहमदाबाद | गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को एक बड़ा झटका लगा है| शनिवार को मशहूर गायक विजय सुवाला ने आप को दाम छोड़ सोमवार को भाजपा जॉइन कर ली| विजय सुवाला के बाद अहमदाबाद आप की शहर उपाध्यक्ष नीलम व्यास ने भी भाजपा का दामन थाम लिया| शाम ढलते ही आप की एक और बड़ी विकेट गिर गई| सोमवार को मशहूर हीरा कारोबारी महेश सवाणी के पार्टी से किनारा करने से गुजरात की राजनीति गरमा गई है| जानकारी है कि महेश सवाणी भी जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं| हांलाकि महेश सवाणी ने भाजपा में शामिल होने के बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया| बता दें कि गुजरात में राजनीतिक रूप से मजबूत पाटीदार समुदाय से आने वाले 51 वर्षीय महेश सवानी सालों से गरीब लड़कियों के सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन करते रहे हैं| यही कारण है कि महेश सवानी की अपने इलाके में अलग ही पकड़ है| आम आदमी पार्टी ने इस साल के अंत में होनेवाले गुजरात विधानसभा की सभी 182 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था| लेकिन चुनाव से पहले गुजरात आम आदमी पार्टी से एक के बाद एक नेता जुदा रहे हैं| विजय सुवाला, नीलम व्यास के बाद अब महेश सवाणी ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है| मीडिया के सवाल पर महेश सवाणी ने कहा कि वह अपने सेवा कार्यों पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं| लेकिन भाजपा में शामिल होने के सवाल का मुस्कराते हुए गोल गोल जवाब दिया| उनका कहना था कि फिलहाल वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते| विजय सुवाला के आप छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे देश में प्रत्येक स्वतंत्रता है और उसकी जहां मर्जी हो, जिसके साथ विचार मिलते हों और उस माहौल में काम कर सकता है, उसके साथ जुड़ सकता है| कल ही विजय सुवाला के साथ बातचीत हुई थी| जिसमें विजय सुवाला ने कहा था कि मैं पार्टी के लिए समय नहीं दे सकता, इसलिए आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं| सवाणी ने कहा कि विजय सुवाला एक कलाकार हैं और वह अपने कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण पार्टी को समय नहीं दे सकते होंगे| जबकि मैं अपने सेवा कार्यों में कोई अवरोध नहीं हो इसके लिए आम आदमी पार्टी छोड़ रहा हूं| आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद महेश सवाणी अपने सेवा कार्यों में व्यस्त रहते हैं या फिर भाजपा या कांग्रेस का दामन थामते हैं, यह आनेवाला वक्त ही बताएगा| माना जा रहा है कि महेश सवाणी भी जल्द ही भाजपा जॉइन कर सकते हैं|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *