20 जनवरी तक चलेगा राज्यव्यापी करुणा अभियान

अहमदाबाद | आगामी उत्तरायण पर्व के दौरान पतंग की डोर से कोई बेजुबान पक्षी या पशु घायल न हो जाए उस संदर्भ में पर्याप्त एहतियात बरतते हुए 10 से 20 जनवरी, 2022 के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की प्रेरणा और मार्गदर्शन में राज्यव्यापी करणा अभियान आयोजित होगा। अभियान के दिनों के दौरान पूरे राज्य में प्रतिदिन सुबह 7 से शाम 6 बजे तक सभी तहसीलों में वन विभाग की ओर से कंट्रोल रूम कार्यरत किया जाएगा। ‘जिओ, जीने दो और नवजीवन दो’ की जीवदया की भावना के साथ मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में वन विभाग ने इस वर्ष उत्तरायण पर्व के दौरान घायल होने वाले पक्षियों की त्वरित उपचार व्यवस्था के लिए वॉट्सऐप नंबर जारी करने के साथ वेबसाइट भी कार्यरत की है। जिसके अनुसार वॉट्सएप नं. 8320002000 पर ‘करुणा’ मैसेज टाइप कर भेजने से या वेबसाइट https://bit.ly.karunaabhiyan पर क्लिक करने से जिलावार पक्षी उपचार केंद्रों की जानकारी मिल सकेगी। इतना ही नहीं, पशुपालन विभाग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1962 पर घायल पक्षियों के उपचार के लिए मदद ली जा सकेगी। आगामी उत्तरायण पर्व के दौरान यदि कोई पक्षी घायल होता है तो उसके उपचार के लिए राज्यभर में इस वर्ष 700 से अधिक पक्षी निदान और उपचार केंद्र, 620 से अधिक चिकित्सक तथा 6000 से अधिक सेवाभावी स्वयंसेवक सेवारत रहेंगे। उत्तरायण जैसे त्योहारों और लोकोत्सवों को मनाने के दौरान अबोल जीवों की चिंता कर उनका उपचार और ख्याल रखने की गुजरात की अनूठी पहल करुणा अभियान आज एक मिसाल बन गई है। करुणा अभियान के अंतर्गत पिछले पांच वर्षों में लगभग 50 हजार से अधिक पक्षियों का उपचार किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस वर्ष उत्तरायण के त्योहार में लोगों से अपील की है कि वे पतंग उड़ाते समय इस बात की सावधानी रखें कि आसमान में उड़ते पक्षी पतंग की डोर से घायल न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *