![](https://suratbhumi.com/wp-content/uploads/2022/08/149762-bxgmkhhbur-1614163505-1024x538.jpg)
अहमदाबाद | बुधवार को गुजरात दौरे पर आए आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पांचवीं गारंटी दी| अबकी बार केजरीवाल ने महिलाओं को गारंटी दी है कि गुजरात में ‘आप’ की सरकार बनने के बाद 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के एकाउंट में रु. 1000 जमा करवाएंगे| इससे पहले अरविंद केजरीवाल गुजरात में आप की सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली फ्री और पुराने बिलों की माफी, 10 लाख युवाओं को रोजगार और रोजगार नहीं मिलने तक रु. 3000 बेरोजगारी भत्ता, व्यापारियों से इंस्पैक्टर राज खत्म करने और आदिवासियों को उनका अधिकार देने समेत पांच गारंटी दे चुके हैं| आज केजरीवाल ने 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने महिला सम्मान राशि के तौर पर रु. 1000 उनके बैंक एकाउंट में जमा कराने की गारंटी देकर राज्य की महिला वोटरों को रिझाने का प्रयास किया है| अहमदाबाद में टाउनहोल कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले ऐसा लगता था कि गुजरात भाजपा का गढ़ है और यहां कुछ नहीं हो सकता| लेकिन निकलने के बाद पता चला कि यहां के लोग भाजपा सरकार से कितने नाराज हैं| गुजरात में भाजपा और कांग्रेस के बीच सेटिंग होने का केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि 27 साल के भाजपाई शासन से परेशान जनता राज्य में अब नई राजनीति चाहती है| उन्होंने हा कि हमने जो दिल्ली और पंजाब में किया है, वही गुजरात में करना चाहते हैं| हम भाजपा और कांग्रेस की तरह राजनीति नहीं करते, इसीलिए गुजरात की जनता को लगता है कि उनकी समस्याओं को समाधान भी होगा| उन्होंने कहा कि उनकी गारंटी को कुछ लोग फ्री रेवडियां कहते हैं| यह रेवडी नहीं बल्कि लोगों का अधिकार है| एक हजार रुपए के कारण छात्राएं पढ़ाई पूरी कर सकेंगे| महिलाओं को एक हजार रुपए मिलेगा तो वह बच्चों को थोड़ा बेहतर खाना खिला सकेंगी| एक हजार रुपए महिलाओं को देने से अर्थव्यवस्था में सुधार आएगा| उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था अमीरों के हाथ में पैसा जाने से बिगड़ती है| लेकिन गरीबों के हाथ में पैसे जाने से अर्थव्यवस्था सुधरती है| उन्होंने कहा कि पैसों की कोई तंगी नहीं है, काफी पैसा है, लेकिन ये लोग अपने दोस्तों की लोन माफ करने में पैसा खर्च करते हैं|