पीएम मोदी और उनकी माता के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी का गुजरात जवाब देगा: अनुराग ठाकुर

सुरेन्द्रनगर | गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने राज्य में गौरव यात्रा शुरू की है, जिसमें केन्द्रीय मंत्री समेत पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं| शनिवार को सुरेन्द्रनगर के ध्रांगध्रा में पहुंची गुजरात गौरव यात्रा में केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल हुए| इस मौके पर मीडिया से बातचीत में अनुराग ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर कड़े प्रहार किए| उन्होंने कहा कि यह नरेन्द्र मोदी का गुजरात है और गुजरात मॉडल देशभर में श्रेष्ठ है| गुजरात ने देश को बहुत कुछ दिया है| कांग्रेस ने सरदार पटेल का अपमान किया है, जबकि नरेन्द्र मोदी ने सरदार पटेल की विश्व की सबसे विराट प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर उन्हें सच्ची श्रद्धाजंलि दी है| गुजरात में पिछले 27 वर्षों से सत्तारूढ़ भाजपा के शासन में राज्य का लगातार विकास हो हा है| खासकर नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद गुजरात का विकास और तेज हुआ है| ठाकुर ने कहा कि गुजरात ने देश को लोकप्रिय नेतृत्व दिया है, गुजरात में भाजपा के अलावा कहीं और नहीं मिलेगा| उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता कभी बाहरी लोगों को स्वीकार नहीं करेगी| दिल्ली में शराब घोटाला करने वाली आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल गुजरात में आकर लोगों से झूठे वादे कर रहे हैं| एक इटालियन ने जब नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी तब गुजरात की जनता ने जवाब दिया था| अब आप नेता गोपाल इटालिया को भी गुजरात की जनता करारा जवाब देगी| केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आप उम्मीदवारों की अन्य राज्यों में जमानत जब्त हो गई थी| इस दहशत में आप के नेता पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं| उन्होंने सवाल किया कि आखिर अरविंद केजरीवाल आप के गुजरात प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया को बचाव कर साबित क्या करना चाहते हैं? अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात में फिर एक बार डबल इंजन की सरकार बनेगी और वह भी पहले से अधिक सीटों के साथ| अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि वह कहते हैं मेरा जन्म कंस की औलादों का नाश करने के लिए हुआ है| जन्माष्टमी पर जन्म दावा करने वाले केजरीवाल महिलाओं की जरा भी इज्जत नहीं करते| ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को कोरोना महामारी से उबारा था| 200 साल भारत पर शासन करने वाले अंग्रेजों के देश को पीछे छोड़कर पीएम मोदी ने भारत को दुनिया में पांचवी अर्थव्यवस्था बना दिया है| गुजरात विधानसभा के आगामी चुनाव में भाजपा के 150 सीटें जीतने का दावा करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि गुजरात में केजरीवाल का दिल्ली मॉडल फेल होगा| उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुहल्ला क्लीनिक बंद हैं और आवारा पशुओं ने डेरा डाल रखा है| गुजरात में अपनी हार देख चुकी आम आदमी पार्टी बुरी तरह से बौखला गई है और पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रही है| उन्होंने कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताया और कहा कि परिवार ही उसे खत्म कर रहा है| परिवार के भीतर ही मतभेद हैं, इसलिए आज भाई-बहन साथ नहीं है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *