कांग्रेस के दिग्गज पाटीदार नेता धीरू गजेरा भाजपा में वापस लौटेंगे

सूरत | कांग्रेस के दिग्गज नेता धीरू गजेरा का पार्टी से मोहभंग हो गया है और वह जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं| धीरू गजेरा के भाजपा में शामिल होने से गुजरात कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है| धीरू गजेरा पाटीदार समाज से आते हैं और अपने समाज पर उनकी मजबूत पकड़ है| भाजपा को अपना पुराना घर बताते हुए गजेरा का कहना है कि भाजपा में दो गुट बनने के बाद मैं अपने कई साथियों के साथ पार्टी से अलग होकर कांग्रेस में शामिल हुआ था| लेकिन कांग्रेस में मुझे सफलता नहीं मिली और चार चुनाव हार चुका हूं| बकौल धीरू गजेरा मेरे समर्थक काफी समय से मुझे भाजपा जॉइन करने को कह रहे थे| लेकिन तब मैंने अपने साथियों की बातों को अनसुना कर दिया| अब साथियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है| गजेरा ने कहा कि मेरे साथ मेरे समर्थक भी कांग्रेस के लिए काफी मेहनत करते थे, लेकिन लगातार हार से वह भी हताश हो गए थे| अब अपने सभी समर्थकों के साथ भाजपा जॉइन करूंगा| कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए सूरत के उद्योगपति महेश सवाणी के खिलाफ चुनाव लड़ने को लेकर गजेरा ने कहा कि यह भाजपा तय करेगी वह किसका मुकाबला करें| यदि महेश सवाणी के खिलाफ भाजपा मुझे टिकट देती है तो मैं उनके खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार हूं| गजेरा ने कहा कि मैं केवल पाटीदार ही नहीं बल्कि सभी समाज को साथ लेकर चलूंगा, क्योंकि कभी भी एक जाति से राजनीति नहीं चलती| सूरत नगर निगम में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने और आप की सफलता को लेकर धीरू गजेरा ने कहा कि आप के 27 नगर पार्षद कैसे बने यह हम अच्छी तरह जानते हैं| इसका यह मतलब नहीं है कि जनता भाजपा के खिलाफ है| गुजरात ने भाजपा को अपनाया है| गौरतलब है कि धीरू गजेरा कभी भाजपा के सदस्य थे और बाद में कांग्रेस में शामिल हुए थे| वर्ष 1995 से 2007 तक भाजपा के साथ रहे और विधायक भी बने| पाटीदार नेता धीरू गजेरा के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है| साथ ही पाटीदारों की नाराजगी खत्म करने में धीरू गजेरा भाजपा के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *