देश में क्रिसमस की धूम, चर्चों में प्रार्थना सभाएं, राष्ट्रपति- पीएम ने दी बधाई

नई दिल्ली । देशभर और दुनिया में आज क्रिसमस त्योहार की धूम है। इस मौके पर भारत में भी लोगों के अंदर उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न गिरजा घरों में प्रार्थनाएं आयोजित की गईं। गोवा के चर्च में मध्य रात्रि को प्रार्थना हुई। बेंगलुरु और पुडुचेरी के चर्चों में भी रात्रि में ही प्रार्थनाएं की गई। वहीं, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी मध्य रात्रि को चर्च में पहुंची और प्रार्थना की। कुल मिलाकर देखें तो देशवासियों में क्रिसमस को लेकर उत्साह है।
प्रधानमंत्री तथा राष्ट्रपति ने क्रिसमस के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। अपने ट्वीट में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ने लिखा कि भारत और विदेशों में हमारे देश के रहने वाले लोगों को विशेष रूप से हमारे इसाई भाइयों और बहनों को, मैरी क्रिसमस। इस खुशी के अवसर पर आइए हम एक ऐसे समाज का निर्माण करने का संकल्प लें जो न्याय और स्वतंत्रता के मूल्यों पर आधारित हो और यीशु मसीह के शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया पीएम मोदी ने लिखा कि क्रिसमस पर सभी को शुभकामनाएं। हम जीसस क्राइस्ट के जीवन और आदर्श शिक्षाओं को याद करते हैं, जिनमें सेवा, दयालुता और विनम्रता पर सर्वाधिक जोर है। मैं सभी के स्वस्थ व समृद्ध जीवन की कामना करता हूं। पूरे विश्व में सद्भाव बना रहे, यह प्रार्थना करता हूं।
हालांकि, कोरोनावायरस की वजह से क्रिसमस के त्योहार पर कई राज्यों में फिलहाल कुछ पाबंदियां जरूर लगाई गई है ताकि भीड़भाड़ को रोका जा सके। कोविड-19 के मामले बढ़ने के बीच महाराष्ट्र सरकार ने रात्रि नौ बजे से सुबह छह बजे तक सार्वजनिक स्थानों पर पांच से अधिक लोगों के जमा होने पर रोक लगा दी। यह नये दिशानिर्देश आधी रात से प्रभाव में आएंगे। देर शाम एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। राज्य में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 1,410 नये मामले सामने आये जिनमें 20 मामले ओमीक्रोन स्वरूप के संक्रमण के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *